अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय परिसर में जर्जर हालत में संचालित हो रहे कुर्मांचल और शैलजा छात्रावासों की दशा जल्द ही सुधरने की उम्मीद जगी है।
होगा सुधारीकरण
यहां दोनों छात्रावासों के जीर्णोद्धार और सुधारीकरण के लिए कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार शासन से स्वीकृति मिलते ही मरम्मत और सुधारीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा।
दीवारों में भी दरारें
दरअसल परिसर स्थित छात्रावासों की स्थिति लंबे समय से बदहाल बनी हुई है। विशेषकर कुर्मांचल छात्रावास की छत पिछले कई वर्षों से बुरी तरह जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है। मानसून और बारिश के दौरान छत से पानी रिसकर सीधे छात्रों के कमरों में टपकता है। इसके अलावा भवनों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और खिड़कियों के शीशे भी टूटे हुए हैं। असुविधाओं और जर्जर हालात के चलते छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या भी लगातार कम हो रही थी।