कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे आरोपी कमल सिंह का छठें दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की टीमें उसे हल्द्वानी, रुद्रपुर के अलावा बाहरी राज्यों में तलाश रही हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह उत्तराखंड की सीमा पार कर किसी अन्य राज्य में पहुंच गया होगा।
पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार चलाया अभियान
दन्या की दो दुकानों में आग लगाने और बाइक चोरी के आरोप में पकड़ा गया आरोपी कमल सिंह पुत्र स्व. भुवन सिंह निवासी दन्या बीते 15 सितंबर को अल्मोड़ा कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस कर्मी को धक्का देकर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया है। इधर, बीते शनिवार को कमल सिंह पुलिस को गच्चा देकर अल्मोड़ा बाजार पहुंच गया था। उसने एक सीएससी सेंटर से आधार कार्ड के नंबर से 15 सौ रुपये निकाले। उसके बाद वह टैक्सी में सवार होकर हल्द्वानी की ओर निकल गया था।
विभिन्न स्थानों पर उसकी धरपकड़ के लिए चला रही सघन चेकिंग अभियान
इधर, एसएसपी प्रदीप कुमार राय के निर्देश पर पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर उसकी धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चल रही हैं। सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि फरार आरोपी को तलाशने के लिए टीम हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भी उसे तलाशने भेजी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।