अल्मोड़ा: जिला मुख्यालय से गांवों तक गुलदार की दहशत, शाम ढलते ही घरों में कैद हुए लोग, बख में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

​अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में इन दिनों गुलदार का आतंक बढ़ता जा रहा है। जिला मुख्यालय से लेकर दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों तक लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। यहां गुलदार कभी खेतों में बंधे मवेशियों को अपना शिकार बना रहा है तो कभी आबादी के बीच घुसकर लोगों पर हमलावर हो रहा है।

गुलदार का आतंक

हालात ऐसे हो गये हैं कि लोग अपने बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से भी कतराने लगे हैं। पहले गुलदार की गतिविधियां जंगल से सटे गांवों तक ही सीमित मानी जाती थीं, लेकिन अब जिला मुख्यालय के आसपास के रिहायशी इलाकों—खत्याड़ी, माल रोड, करबला, धारानौला, दुगालखोला, देवली गांव, माल गांव, एनटीडी, लोधिया, कर्नाटक खोला और खोल्टा में भी गुलदार देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुलदार अब घरों के आंगन तक पहुंचने लगा है। शाम ढलते ही शहर और गांवों की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है तथा लोग घरों में कैद हो जाते हैं। दिन के समय भी लोगों की नजरें बार-बार जंगल की ओर उठती रहती हैं।

​इंसानों पर हमले का बढ़ता खतरा

सबसे अधिक चिंता इस बात को लेकर है कि गुलदार अब मवेशियों के साथ-साथ इंसानों के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। खेतों में काम करने वाले, चारा-लकड़ी के लिए जंगल जाने वाले तथा सुबह-शाम टहलने वाले लोगों में भय का माहौल है। महिलाओं और बुजुर्गों में सबसे ज्यादा दहशत है और गांव की महिलाएं अकेले जंगल जाने से बच रही हैं। पिछले माह पेटशाल के पास सुबह दुकान खोलने जा रहे एक व्यापारी पर घात लगाए गुलदार ने हमला कर दिया था, हालांकि शोर मचाने पर वह भाग निकला। वहीं, सल्ट क्षेत्र में भी आए दिन गुलदार के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं।

​एक साथ दिख रहे तीन-तीन गुलदार

अल्मोड़ा में स्थिति उस वक्त और चिंताजनक हो गई जब कई इलाकों में एक साथ तीन गुलदारों की चहलकदमी देखी गई। जिला मुख्यालय से सटे देवली और दुगालखोला क्षेत्रों में बीते दिनों एक साथ तीन गुलदार दिखाई देने से लोगों की दहशत कई गुना बढ़ गई है।

​बख गांव में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

राहत की खबर हवालबाग ब्लॉक के बख गांव से आई है, जहां आतंक का पर्याय बने गुलदार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। रविवार सुबह गांव के पास लगाए गए पिंजरे में गुलदार फंस गया। गुलदार लगातार आबादी में घुसकर पालतू जानवरों को निवाला बना रहा था, जिससे ग्रामीण परेशान थे। गुलदार के पकड़े जाने से बख के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को स्वास्थ्य जांच के लिए एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया।

​वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

दूसरी ओर, प्रभावित क्षेत्रों के लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोग लंबे समय से संवेदनशील इलाकों में पिंजरे लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने और स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं दिख रही है।