अल्मोड़ा: देवली गांव में पिंजरे में फंसा आतंक का पर्याय बना गुलदार, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

अल्मोड़ा: हवालबाग ब्लॉक की ग्राम पंचायत देवली में लंबे समय से आतंक का पर्याय बना गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है।

गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर मृग विहार भेजा

जानकारी के अनुसार नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों गुलदार का भारी आतंक बना हुआ है। कई जगहों पर एक साथ तीन-तीन गुलदार दिखने से लोगों में दहशत का माहौल है। देवली गांव में भी लगातार गुलदार की आवाजाही से लोग भयभीत थे। ग्रामीणों की मांग और शिकायत पर वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। वहीं रविवार देर रात गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने पिंजरे में गुलदार को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को अपने साथ ले गई। गुलदार के पकड़े जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।