अल्मोड़ा: बड़ी दुर्घटना टली: सैलाखोला वार्ड में पेयजल योजना के एक्वागार्ड में आ रहा था करंट, पार्षद वंदना वर्मा की सतर्कता से टला बड़ा हादसा



सूचनार्थ: हुक्का क्लब के पास पेयजल का जो ये प्याऊ लगा है, उसे कुछ समय तक के लिए बंद किया गया है। जो तकनीकी खराबी के चलते अभी बंद‌ किया गया है।

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में सैलाखोला वार्ड के अंतर्गत हुक्का क्लब के ठीक सामने लगे पेयजल एक्वागार्ड में पिछले कुछ दिनों से तकनीकी खराबी के चलते करंट उतर रहा था और अर्थिंग आ रही थी। बरसात के मौसम में करंट प्रवाहित होने के कारण यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था। बरसात के मौसम में इस लापरवाही के कारण किसी भी समय कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी, लेकिन स्थानीय पार्षद वंदना वर्मा की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

लिया जायजा

जिस पर स्थानीय लोगों से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सैलाखोला वार्ड की पार्षद वंदना वर्मा ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच करने पर वहां करंट और अर्थिंग की पुष्टि हुई। संभावित बड़े खतरे को भांपते हुए उन्होंने तुरंत बिजली विभाग और नगर निगम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और एक्वागार्ड की जांच की। जांच के दौरान उसमें करंट उतरने की पुष्टि होने पर बिजली विभाग ने तत्काल बिजली आपूर्ति को बंद कर इसे ठीक करवाने की कार्रवाई शुरू की।

बड़ा हादसा टला

पार्षद वंदना वर्मा की इस तत्परता, सूझबूझ और समय पर उठाए गए कदम से एक बड़ा हादसा टल गया है, जिसकी स्थानीय स्तर पर भी काफी सराहना की जा रही है।