अल्मोड़ा: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट थाना पुलिस ने मंगलवार को छह ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट कर दी।
पुलिस की मुहिम
इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशों पर जिले में नशे के कारोबार और अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण और सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुलार, जयराज, सरायखेत, एकोखेत, बजबार और लखरखेत क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया।
की यह अपील
अभियान के दौरान इन इलाकों की बंजर भूमि पर उगी करीब 20 नाली अवैध भांग की फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी और भविष्य में अवैध भांग की खेती न करने की हिदायत दी। पुलिस ने लोगों से नशामुक्त जीवन अपनाने और नशे के विरुद्ध मुहिम में सहयोग करने की अपील भी की।