अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने 31 अगस्त, 2026 को तहसील रानीखेत के अंतर्गत रानीखेत-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर मजखाली स्टेट बैंक के समीप हुई दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं।
जानें क्या है मामला
जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को रानीखेत-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर स्थित मजखाली स्टेट बैंक के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में घायल व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। इस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जिला प्रशासन ने संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत को जांच अधिकारी नामित किया है। जिला मजिस्ट्रेट ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे इस पूरी दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करें और अपनी स्पष्ट जांच आख्या एक सप्ताह के भीतर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।