अल्मोड़ा: पूर्व सैनिक सेवा परिषद की बैठक, उठाई नगर की जनसमस्याएं, ट्रैफिक और सड़कों की बदहाली पर जताई चिंता




अल्मोड़ा: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जनपद इकाई अल्मोड़ा की मासिक बैठक आज नन्दा देवी बाजार स्थित कार्यालय में आयोजित की गई।


बैठक का आयोजन


इस बैठक में पूर्व सैनिकों के कल्याण और नगर की ज्वलंत जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्यवाही की मांग की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों ने अल्मोड़ा नगर की व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदु उठाए।

यातायात और सड़कें: माल रोड पर आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने और नगर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की पुरजोर मांग की गई।

• ​प्रकाश व्यवस्था: नगर निगम से स्ट्रीट लाइटों (पथ प्रकाश) की उचित व्यवस्था करने की अपील की गई ताकि रात के समय राहगीरों को परेशानी न हो।

• ​लाला बाजार की भीड़: लाला बाजार में सुबह के समय मजदूरों के जमावड़े से स्कूल जाने वाले बच्चों को होने वाली दिक्कतों पर चिंता जताई गई।

• ​सत्यापन और पंजीकरण: बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन करने और नगर निगम द्वारा मजदूरों की मजदूरी दर तय कर उनके पास जारी करने का सुझाव दिया गया।


सैनिक कल्याण पर हुई चर्चा


​जनहित के मुद्दों के साथ-साथ बैठक में पूर्व सैनिकों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। वक्ताओं ने कहा कि परिषद सैनिकों और उनके परिवारों के हितों के प्रति सदैव समर्पित है।


रहे‌ उपस्थित


​बैठक में अध्यक्ष केशव दत्त पाण्डे की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में घनानंद जोशी, विनोद गिरी, आनन्द सिंह मेहरा, दीवान सिंह बिष्ट, पी.जी. गोस्वामी, प्रकाश बोरा, त्रिलोक सिंह, रघुवीर सिंह नेगी, छवि दत्त जोशी, नरेन्द्र कुमार वर्मा, सूरज सिंह असवाल और हरीश सिंह बिष्ट सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।