June 16, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

अल्मोड़ा: बोर्ड परीक्षा 2024 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित, दी लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ने की प्रेरणा

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड राजकीय शिक्षक संघ विकास खंड इकाई स्याल्दे द्वारा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज स्याल्दे के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

होनहार छात्रों को किया गया सम्मानित

जिसमें बोर्ड परीक्षा 2024 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के होनहार छात्रों को सम्मानित किया गया। विकासखंड के हाई स्कूल स्तर से राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान पाने वाले तथा  विद्यालय स्तर पर कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले  प्रत्येक विद्यालय के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कहा- आप होनहारों की उपलब्धियां हमारे विकास खंड का बढ़ाती है गौरव

इसके साथ ही विकासखंड के सेवानिवृत शिक्षक धन सिंह कोरंगा व बृजेंद्र बहादुर को भी विदाई के रूप में सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी वंदना रौतेला ने सभी मेधावी बच्चों, उनके शिक्षकों एवम अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां हमारे विकास खंड का गौरव बढ़ाती हैं। बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि अपनी इस सफलता और सम्मान को कभी धूल न लगने दें।

होनहारों को दी शुभकामनाएं

विशेष सहयोगी के रूप में विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त इंजीनियर, दिल्ली दूरदर्शन गोविंद बल्लभ डुंगरियाल ने बच्चों को सदैव ऐसे आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि उनके द्वारा गरीब व मेधावी छात्रों के लिए उनका सहयोग सदैव उनके साथ रहेगा। जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा, राजकीय शिक्षक संघ भारतेंदु जोशी ने बच्चों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि निश्चय ही अति दुर्गम क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों के बावजूद इतनी बड़ी सफलता इन होनहारों के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है, उन्होंने सभी बच्चों को योंही अपने कदम बढ़ाते रहने की प्रेरणा दी। संगठन के मंडलीय उपाध्यक्ष महेंद्र पटवाल ने इस होनहारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रों का परिणाम शिक्षक का सम्मान होता है, निश्चय ही आपने हमें गर्व से ऊंचा किया है। सेवानिवृत्त शिक्षक धन सिंह कोरंगा व बृजेंद्र बहादुर ने ब्लॉक कार्यकारिणी का आभार व्यक्त करते हुए, मेधावी बच्चों को शुभकामनाएं दी।‌ ब्लॉक मंत्री हरेंद्र शर्मा ने स्वागत भाषण से सभी होनहारों, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि,जिलाध्यक्ष, मंडल उपाध्यक्ष, समस्त उपस्थित प्रधानाचार्यो, प्रधानाध्यापक, समस्त शिक्षक, समस्त अभिभावकों तथा  विद्यालय स्टाफ का  कार्यक्रम में स्वागत किया।

जताया आभार

सभी वक्ताओं ने विकास खंड में प्रथम बार इस प्रकार के आयोजन कर्ता राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई स्याल्दे की जमकर तारीफ करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार का आयोजन करने की अपेक्षा की। तथा सभी ने सहयोग की बात भी कही। समापन भाषण के रूप में कार्यक्रम के अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष राजकीय शिक्षक संघ इकाई स्याल्दे मान सिंह रावत ने सभी उपस्थित अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, समस्त कार्यकारिणी सदस्यों, शिक्षक साथियों, समस्त अभिभावक जनों और होनहार प्यारे बच्चों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में रहें उपस्थित

कार्यक्रम का सफल संचालन कोषाध्यक्ष प्रकाश भट्ट, आय व्यय निरीक्षक आशा जोशी, तथा डा0 हेम चन्द्र जोशी ने किया। कार्यक्रम में मेधावी कृष्णा जोशी, मेधावी गार्गी बिष्ट सहित लगभग 50 से अधिक होनहार छात्र छात्राएं, तथा शिक्षक यशपाल बिष्ट, गीता शर्मा, महेंद्र पाल,  गंगा पंचोली, आशा मेहरा, दिनेश तिवारी, महेश बिष्ट, राकेश पंत,  ममता, नरेंद्र रावत, मनोज कुमार,  आनंद पोखरियाल,  श्वेता टम्टा,  गणेश पाठक,  शमशेर सिंह, कृष्ण चंद्र खंतवाल आदि उपस्थित रहे।