अल्मोड़ा: आगामी ऐतिहासिक नंदा देवी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं।
जिसमें विगत दिवस जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नगर के ऐतिहासिक पटाल बाजार का संयुक्त निरीक्षण किया गया, ताकि मेले के आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण निर्माण विभाग (RES) के अधिशासी अभियंता संजय भारती अपनी विभागीय टीम—सहायक अभियंता (AE) एवं कनिष्ठ अभियंता (JE)—के साथ मौके पर उपस्थित रहे। वहीं, जनप्रतिनिधियों की ओर से पार्षद अमित साह ‘मोनू’, पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ‘चीमा’, पार्षद वैभव पांडे तथा पार्षद वंदना वर्मा ने निरीक्षण में सहभागिता की और जमीनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
की यह मांग
स्थलीय निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने पटाल बाजार क्षेत्र में व्याप्त कई मूलभूत समस्याओं और सुधार कार्यों की ओर अधिकारियों का ध्यान खींचा। जिसमें जर्जर रास्तों और खड़ंजों की तत्काल मरम्मत, बारिश के पानी के त्वरित निकास हेतु ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और सुधार व मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए पीने के पानी, प्रकाश और आवाजाही की सुगम व्यवस्था। साथ ही निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों ने साझा बयान में कहा कि नदा देवी मेला-2026 अल्मोड़ा की धरोहर और आस्था का प्रतीक है। मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक विकास व सुधार कार्यों को समय पर पूरा कराना हमारी पहली प्राथमिकता है।
अधिकारियों का आश्वासन
विभागीय अधिकारियों ने समस्याओं का मौका मुआयना करने के बाद स्पष्ट किया कि सभी चिह्नित कार्यों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा और मेले से पूर्व व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा।