अल्मोड़ा: फायर सीजन को लेकर डीएम ने ली बैठक, वन संपदा को आग से बचाने को लेकर की चर्चा

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर है। आज मंगलवार को डीएम वंदना सिंह ने वनाग्नि प्रबंधन योजना की बैठक ली। इस दौरान आगामी फायर सीजन में वनाग्नि की घटनाओं को रोकने एवं उनके प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई।

डीएम ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

इस अवसर पर कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम वंदना सिंह ने फायर सीजन में विभागों का आपसी समन्वय सही रखने, वनाग्नि की घटनाओं को कम करने और आग बुझाने के लिए पर्याप्त तैयारियां करने के निर्देश दिए। कहा कि पिछले वर्ष में हुई वनाग्नि की घटनाओं का आंकलन करें व जिन क्षेत्रों में अधिक घटनाएं हुई है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही इन क्षेत्रों की सूची तैयार कर सूची को सभी एसडीएम के साथ साझा करें। डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ओण दिवस की तैयारियों के लिए ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों को भी इस माह में आयोजित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम की खुली बैठकों में यह प्रस्ताव लाया जाए कि गांवों में जलने वाला कचरा फरवरी माह के बाद नहीं जलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके बाद यदि कोई कचरा जलाता हुआ पाया गया तो ग्राम सभा संबंधित के विरुद्ध जुर्माने का प्रावधान करे। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह व अन्य स्वैच्छिक संगठनों को वनाग्नि पर काबू पाने के लिए उनकी ट्रेनिंग कराई जाए। इस संबंध में डीएम ने परियोजना निदेशक को निर्देश दिए कि वन विभाग से समन्वय करते हुए ऐसे क्षेत्रों की सूची प्राप्त करें जहां आग की अधिक घटनाएं घटती हो और उन क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों की लिस्ट बनाई जाए जिनको ट्रेनिंग दी जानी है।

यह लोग रहें मौजूद

इस दौरान बैठक में डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।