अल्मोड़ा: नर्सिंग संस्थान के प्रबंधक पर पत्रकारों से अभद्रता का आरोप, प्रेस क्लब ने की जिलाधिकारी से शिकायत

अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजनपद के ‘माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज’ में कवरेज करने गए पत्रकारों के साथ अभद्रता, मारपीट और उनके उपकरण छीने जाने का गंभीर मामला सामने आया है।

सौंपा ज्ञापन

उत्तराखंड प्रेस क्लब, अल्मोड़ा के सदस्यों ने इस घटना के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संस्थान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।‌ शिकायत पत्र के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को पत्रकार संस्थान में किसी प्रकरण की सूचना मिलने पर समाचार संकलन (रिपोर्टिंग) के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि संस्थान के प्रबंधक संदीप सिंह ठाकुर ने पत्रकारों के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उनके कैमरे और माइक आईडी भी छीन लिए। पत्रकारों को डराने-धमकाने और कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।

​संस्थान पर लगे कई गंभीर आरोप

​प्रेस क्लब द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में संस्थान के प्रबंधन पर कई अन्य वित्तीय और सुरक्षा संबंधी अनियमितताओं के आरोप भी लगाए गए हैं।‌ संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और वहां कार्यरत कर्मचारियों के आर्थिक व मानसिक शोषण की शिकायतें सामने आई हैं। संस्थान का भवन बहुमंजिला (लगभग 5 मंजिला) है, जिसकी संरचनात्मक मजबूती और अग्नि सुरक्षा मानकों (Fire Safety) की जांच की मांग की गई है। पत्र में दावा किया गया है कि संस्थान के पास राज्य नर्सिंग काउंसिल की शर्तों के अनुरूप मान्यता नहीं है। साथ ही, उसी भवन में एक प्राथमिक विद्यालय के संचालन की वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं।

​प्रेस क्लब की मुख्य मांगें

​उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं। जिसमें कहा कि पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच कराई जाए। आरोपी प्रबंधक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। पत्रकारों की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। संस्थान की मान्यता, सुरक्षा मानकों और आर्थिक अनियमितताओं की गहन जांच हो।

रहें शामिल

प्रेस क्लब के पूर्व सचिव रमेश जोशी, उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल, उप सचिव मोहित अधिकारी सहित किशन जोशी, प्रकाश पांडे, विनोद जोशी, हरीश चंद्र भंडारी और अन्य कई पत्रकार शामिल रहे। प्रशासन को साक्ष्य के तौर पर घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है।