अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान जारी है।
जागरूकता अभियान
इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में रानीखेत अग्निशमन टीम ने सराईखेत में एक दिवसीय अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत नरेश जोशी के नेतृत्व में दमकल टीम ‘अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सराईखेत’ पहुंची। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटना के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और प्राथमिक बचाव तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
अग्निशमन टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को अग्निशमन यंत्रों और प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल का तरीका समझाया। दमकल कर्मियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य के साथ सुरक्षित तरीके से बचाव कार्य करना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने पर उस पर तुरंत और सुरक्षित तरीके से काबू पाने का लाइव डेमो (व्यावहारिक प्रशिक्षण) भी दिया गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बच्चे और स्थानीय लोग खुद के साथ दूसरों की जान-माल की सुरक्षा कर सकें।