जैंती (अल्मोड़ा): तहसील क्षेत्र के ग्राम बचकाण्डे निवासी प्रताप सिंह रौतेला पर बकाया भू-राजस्व की भारी वसूली के चलते प्रशासन सख्त हो गया है।
देखें जानकारी
धनराशि जमा न करने पर नायब तहसीलदार/विक्रय अधिकारी ने बकायेदार की अचल संपत्ति को कुर्क कर नीलाम करने का निर्णय लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रताप सिंह रौतेला (पुत्र बची सिंह रौतेला) पर कुल 14,30,198 रुपये (चौदह लाख तीस हजार एक सौ अठानबे रुपये) का भू-राजस्व बकाया है। बार-बार नोटिस के बावजूद बकायेदार द्वारा धनराशि जमा नहीं की गई, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन ने संपत्ति की नीलामी के लिए 14 जुलाई, 2026 की तिथि निर्धारित की है। नीलामी की प्रक्रिया दिन में 12:00 बजे ग्राम बचकाण्डे, राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र मोरनौला में संपन्न होगी।
देखें यह विवरण
नीलामी में सबसे ऊंची बोली लगाने वाले व्यक्ति को बोली की धनराशि का 1/4 हिस्सा तत्काल स्थल पर ही जमा करना होगा। शेष धनराशि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद जमा की जाएगी। राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र मोरनौला के अंतर्गत तीन ग्रामों (बचकाण्डे, जाख बचकाण्डे और स्यूनानी) में स्थित कुल 0.309 हेक्टेयर (लगभग 15 नाली 07 मुठ्ठी) भूमि नीलामी के लिए चिन्हित की गई है।