अल्मोड़ा: आपदा प्रबंधन में दक्ष होंगे PRD और होमगार्ड जवान, SDRF टीम सरियापानी ने दी रोप रेस्क्यू और रिवर क्रॉसिंग की ट्रेनिंग

अल्मोड़ा: आपदा के समय त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भैसवाड़ा फार्म में चल रहे तीन दिवसीय ‘खोज एवं बचाव’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया।

प्रशिक्षण का समापन

जिस पर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर के तीसरे और अंतिम दिन (13 सितंबर) SDRF टीम सरियापानी ने PRD और होमगार्ड जवानों को आपदा प्रबंधन की आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य PRD और होमगार्ड के जवानों को आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने में सक्षम बनाना है। इससे जवान SDRF टीमों के साथ बेहतर तालमेल बिठा सकेंगे और अपनी-अपनी तहसीलों में किसी भी आपदा के दौरान प्राथमिक स्तर पर ही राहत व बचाव कार्य शुरू कर सकेंगे।

सिखाई आधुनिक रेस्क्यू तकनीकें

​प्रशिक्षण के दौरान SDRF के विशेषज्ञों द्वारा जवानों को आपदा की विभिन्न जटिल स्थितियों से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी गई।
• ​प्राथमिक चिकित्सा (First Aid): आपात स्थिति में घायलों को तुरंत दी जाने वाली प्राथमिक डॉक्टरी सहायता।
• ​रोप रेस्क्यू (Rope Rescue): खाई या ऊंचाई वाले स्थानों से लोगों को सुरक्षित निकालने के तरीके।
• ​रिवर क्रॉसिंग (River Crossing): उफनती नदियों और बरसाती नालों को पार करने एवं उसमें फंसे लोगों को बचाने का तरीका।
• ​पुली सिस्टम: भारी वजन उठाने और रेस्क्यू को आसान बनाने वाले C-पुली और Z-पुली सिस्टम का व्यावहारिक प्रदर्शन।