अल्मोड़ा: खेत में सांप के काटने से गर्भवती महिला की मौत, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

अल्मोड़ा: जनपद के बसौली क्षेत्र स्थित हड़ोली गांव में आज गुरुवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना हुई। यहां खेत में काम करने के दौरान जहरीले सांप के काटने से 36 वर्षीय चार माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई।

क्षेत्र में शोक की लहर

मिली जानकारी के अनुसार हड़ोली गांव निवासी सोनू भाकुनी (36) पत्नी आशीष भाकुनी गुरुवार को अपने घर के पास खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक झाड़ियों में छिपे एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के तुरंत बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। जिसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए निकटवर्ती ताकुला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।