अल्मोड़ा: जनपद में आवश्यक खाद्यान्न और चीनी की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए जिला पूर्ति विभाग ने अस्थाई व्यवस्था के तहत परिवहन कार्य शुरू करने का फैसला किया है।
दी यह जानकारी
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी करूणा पंत ने जानकारी दी है। जिसमें बताया कि रेलशीर्ष हल्द्वानी और एफसीआई हल्दूचौड़ से अल्मोड़ा के आंतरिक भंडारों तक खाद्यान्न व चीनी की ढुलान तथा हैंडलिंग के लिए कोटेशन आमंत्रित की गई हैं। यह व्यवस्था नियमित निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। कोटेशन के माध्यम से न्यूनतम दरें प्राप्त कर निम्नलिखित डिपो और गोदामों के बीच खाद्यान्न की ढुलान कराई जाएगी।
• सप्लाई सोर्स (कहां से): रेलशीर्ष हल्द्वानी के विपणन शाखा के बेस गोदाम (कमलुआगंज/मण्डी/गॉधी स्कूल) एवं एफसीआई हल्दूचौड़।
• गंतव्य स्थान (कहां तक): जनपद अल्मोड़ा के 03 आन्तरिक खाद्यान्न भण्डार — सोमेश्वर, कटारमल एवं बाड़ेछीना।
• कोटेशन जमा करने की आखिरी तारीख: 20 जुलाई, 2026 (पूर्वान्ह् 11ः00 बजे तक)
• जमा करने का स्थान: जिला पूर्ति कार्यालय में रखे गए निर्धारित कोटेशन बॉक्स में (पूरी तरह बंद लिफाफे में)।
• कोटेशन खोलने का समय: 20 जुलाई, 2026 (पूर्वान्ह् 11ः30 बजे)
आवेदन के लिए जरूरी योग्यताएं
इच्छुक ट्रांसपोर्टर्स और ठेकेदारों के लिए विभाग ने कुछ अनिवार्य नियम और शर्तें तय की हैं। आवेदन करने वाले व्यक्ति/फर्म के स्वयं के नाम पर कम से कम 02 वैध ट्रक होने अनिवार्य हैं। ट्रकों से संबंधित फिटनेस, परमिट और बीमा जैसे समस्त वैध प्रपत्रों (कागजातों) को कोटेशन के निर्धारित प्रारूप के साथ संलग्न करना होगा। निर्धारित समय तक प्राप्त होने वाली सभी कोटेशन्स को जिलाधिकारी द्वारा गठित विशेष समिति के समक्ष जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में ही खोला जाएगा, जिसके बाद सबसे न्यूनतम और सही दरें देने वाले आवेदक को कार्य सौंपा जाएगा।