अल्मोड़ा: उत्तराखंड सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम 2.0’ के तहत शनिवार को विकासखंड भिकियासैंण में राजकीय इंटर कॉलेज, पंतस्थली में आयोजित 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा के इस बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी।
शिविर का आयोजन
इस शिविर में आए 453 आवेदनों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण कर जनता को बड़ी राहत दी गई। शिविर में मुख्य रूप से मौजूद रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर ने ग्रामीणों की शिकायतों और मांगों को आमने-सामने सुना। विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को हिदायत दी कि जनता की हर शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर ने कहा कि राज्य सरकार का एकमात्र संकल्प शासन-प्रशासन की सभी बुनियादी सुविधाओं को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है।
लाभार्थियों ने उठाया लाभ
विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की न सिर्फ जानकारी दी गई, बल्कि पात्र लाभार्थियों को तुरंत लाभ से भी जोड़ा गया। शिविर में भिकियासैंण और आस-पास के क्षेत्रों से 886 ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग विभागों से जुड़े कुल 453 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें मौके पर ही पूरी तरह (100%) हल कर दिया गया। शिविर में जनता की सुविधा के लिए 39 आधार कार्डों का नया पंजीकरण और जरूरी संशोधन कार्य भी किया गया।
रहें उपस्थित
इस शिविर को सफल बनाने में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, तहसीलदार बरखा जलाल सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।