अल्मोड़ा: पुलिस लाइन में गूंजी राम धुन: SSP ने गांधी और शास्त्री जी को अर्पित की श्रद्धांजलि, कर्मचारियों को दिए उपहार

​अल्मोड़ा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर अल्मोड़ा पुलिस लाइन में श्रद्धांजली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन

इस मौके पर आज शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस बल की उपस्थिति में दोनों महापुरुषों के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
​कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने महात्मा गांधी का प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” गाया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा ही देश की सच्ची उन्नति का मार्ग हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से दोनों महापुरुषों के उच्च आदर्शों को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। समारोह में एसएसपी ने अल्मोड़ा पुलिस में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के योगदान की सराहना की और उन्हें उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
​जिलेभर के थानों और चौकियों में हुआ आयोजन

​पुलिस लाइन के अलावा क्षेत्राधिकारी (CO) अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत की अगुवाई में पुलिस कार्यालय में भी जयंती मनाई गई। वहीं, जिले की समस्त कोतवालियों, थानों, चौकियों, फायर स्टेशनों और एसडीआरएफ (SDRF) पोस्टों पर भी संबंधित प्रभारियों ने गांधी व शास्त्री जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
​
रहें मौजूद

इस अवसर पर सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस दूरसंचार उमाशंकर पाण्डे, यातायात निरीक्षक हयात सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।