अल्मोड़ा: राशन कार्ड धारक जल्द कराएं ई-केवाईसी, इस ऐप से घर बैठे करें अपडेट, देखें प्रक्रिया

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा करुणा पंत द्वारा अवगत कराया गया है कि शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया “मेरा KYC” ऐप के माध्यम से की जानी है।

कराएं ई-केवाईसी

इस संबंध में सभी पात्र लाभार्थियों से शीघ्र ई-केवाईसी पूर्ण कराने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि जिन राशन कार्डों में सदस्यों की ई-केवाईसी नहीं होगी, उन्हें भविष्य में खाद्यान्न वितरण संबंधी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ई-केवाईसी हेतु राशन कार्ड में दर्ज सदस्य का आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर होना आवश्यक है, क्योंकि सत्यापन हेतु ओटीपी उसी नंबर पर प्राप्त होगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया के लिए एंड्रॉयड मोबाइल फोन का कैमरा स्पष्ट एवं अच्छा होना चाहिए तथा ई-केवाईसी ऐप मोबाइल की “Accessibility” सुविधा में सक्षम (Enable) होना आवश्यक है। जिन लाभार्थियों के पास स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं है, वे अपने आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी उचित दर विक्रेता की दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं।

की यह अपील

उन्होंने “मेरा KYC” ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि लाभार्थी सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर अथवा ऐप स्टोर से “मेरा KYC” ऐप डाउनलोड करें। इसके पश्चात “AadhaarFaceRD” ऐप डाउनलोड कर इंस्टॉल करें। ऐप में लॉगिन कर “Select State” में उत्तराखंड का चयन करें तथा “Verify Location” विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद राशन कार्ड संख्या दर्ज कर आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी सत्यापित करें। उन्होंने बताया कि सत्यापन पूर्ण होने के बाद “FaceKYC” विकल्प पर क्लिक कर मोबाइल कैमरे के सामने चेहरा लाकर फेस वेरिफिकेशन करना होगा। प्रक्रिया सफल होने पर स्क्रीन पर “eKYC Successful” संदेश प्रदर्शित होगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्ड धारकों से समय रहते अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की है।