अल्मोड़ा: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित शाहिल गिरफ्तार, पुलिस ने पीड़िता को किया बरामद





अल्मोड़ा: अल्मोड़ा नगर पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपित को गिरफ्तार किया है।


पुलिस ने किया गिरफ्तार


मिली जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा मुख्यालय निवासी एक नाबालिग बीते दिनों अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने 23 अप्रैल को कोतवाली में तहरीर दी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित शाहिल, जो मूल रूप से बिलासपुर (रामपुर, उत्तर प्रदेश) का निवासी है, अल्मोड़ा में काम करता था। इसी दौरान वह नाबालिग के संपर्क में आया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित शाहिल को दबोच लिया है। पुलिस ने पीड़िता को भी बरामद कर लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।