अल्मोड़ा: मानक और विज्ञान जागरूकता क्विज: पीएम श्री राइका हवालबाग में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, कोसी टीम रही अव्वल

अल्मोड़ा: पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज हवालबाग (अल्मोड़ा) के स्टैंडर्ड क्लब (SC-600) में भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से सोमवार को मानक एवं सामान्य विज्ञान जागरूकता विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का आयोजन

इस प्रतियोगिता में विद्यालय के 30 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उमेश चन्द्र पांडे, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज स्यालीधार रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ लिखित प्रारंभिक परीक्षा से हुआ, जिसमें 30 प्रश्न पूछे गए। इस परीक्षा के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को चार टीमों—कोसी, अलकनंदा, रामगंगा और भागीरथी—में विभाजित कर मुख्य क्विज प्रतियोगिता कराई गई।

छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग

मुख्य प्रतियोगिता में चार चरण आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, वैज्ञानिक जागरूकता, तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय एवं उपस्थिति-बुद्धि का परीक्षण किया गया। सभी टीमों ने उत्साह और उत्कृष्ट टीम भावना के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कोसी टीम की तनु बिष्ट एवं माही नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹1,500 का पुरस्कार जीता। अलकनंदा टीम की अनुष्का आर्या एवं नीतू बिष्ट द्वितीय स्थान पर रहीं और उन्हें ₹1,000 का पुरस्कार दिया गया। रामगंगा टीम की खुशी बिष्ट एवं गीता मेहता ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹750 तथा भागीरथी टीम के सौरभ कुमार एवं साक्षी बिष्ट ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर ₹500 का पुरस्कार प्राप्त किया। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

इन महत्वों पर डाला प्रकाश

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्टैंडर्ड क्लब के मेंटर डॉ. कपिल नयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दैनिक जीवन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में मानकों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मानक गुणवत्ता, सुरक्षा, विश्वसनीयता और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि यू.सी. पांडेय ने विद्यार्थियों को मानकों के इतिहास एवं विकास की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, प्रश्न पूछने तथा विषयों को तार्किक एवं आलोचनात्मक ढंग से समझने का आह्वान किया। कार्यक्रम में टी .डी. भट्ट, कमलेश जोशी, सुनीता बोरा, योगिता तिवारी एवं रेखा आर्या सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का सफल संचालन स्टैंडर्ड क्लब के को-मेंटर भगवत सिंह बगडवाल ने किया, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन संजय पांडेय ने किया।

निभाई यह अहम भूमिका

क्विज प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, वैज्ञानिक चेतना, तार्किक एवं आलोचनात्मक चिंतन, समस्या समाधान, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानकों के प्रति जागरूकता के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासा को विकसित करना रहा।