अल्मोड़ा: VIP बनने का शौक पड़ा भारी, जागेश्वर धाम में फर्जी लाल-नीली बत्ती लगाकर घूम रही UP नंबर की गाड़ी का पुलिस ने काटा चालान

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में पर्यटन सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जनपद पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

पुलिस की कार्यवाही

इस अभियान के तहत काली फिल्म लगे वाहनों, अवैध लाल-नीली बत्ती, रेट्रो साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। दिनांक 23.05.2026 को थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत द्वारा जागेश्वर मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु पुलिस टीमों के साथ लगातार भ्रमण कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही थी, जिससे पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। चेकिंग के दौरान एक UP नंबर वाहन में अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगी पाई गई। वाहन चालक द्वारा मंदिर क्षेत्र में जल्दी प्रवेश पाने के उद्देश्य से उक्त बत्ती का प्रयोग किया जा रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष दन्या द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई तथा भविष्य में इस प्रकार के कृत्य न करने की सख्त हिदायत दी गई।