अल्मोड़ा: डुबकिया वार्डवासियों की चेतावनी लाई रंग: सिंचाई विभाग ने शुरू किया वार्ड नंबर 03 के नाले का काम

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता के कड़े रुख के बाद आखिरकार सिंचाई विभाग जाग गया है। वार्ड नंबर 03 (डुबकिया वार्ड) में लंबे समय से रुके पड़े नाले के निर्माण और सफाई का काम आज से शुरू कर दिया गया है।

शुरू हुआ काम

गौरतलब है कि ठीक एक सप्ताह पहले स्थानीय पार्षदों और प्रतिनिधियों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सियन) से मुलाकात की थी। इस बैठक में प्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों के बंद पड़े नालों को तुरंत शुरू करने की मांग रखी थी और विभाग को अल्टीमेटम भी दिया था। चेतावनी का असर यह हुआ कि आज से डुबकिया वार्ड (वार्ड 03) में सिंचाई विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए नाले का काम युद्धस्तर पर शुरू करा दिया है। इस कदम से स्थानीय निवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वार्ड के प्रतिनिधियों ने काम शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया है, साथ ही विभाग को काम की गुणवत्ता बनाए रखने की बात कही है।

कहीं यह बात

तय समय सीमा बीतने के बाद आज सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेईई), संबंधित ठेकेदार और पूरी तकनीकी टीम ने प्रभावित स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर चल रही समस्याओं और काम की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। स्थानीय निवासियों ने विभाग के इस त्वरित एक्शन पर संतोष जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इसी गति से काम चलता रहा, तो लंबे समय से लंबित इस समस्या का जल्द ही स्थाई समाधान हो जाएगा।