अल्मोड़ा: रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी के बंद घर में चोरों ने बोला धावा, उड़ा लिए कीमती सामान

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा नगर के ढुंगाधारा क्षेत्र में चोरों ने एक सूने पड़े मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। यहां चोरों ने सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी रमेश चंद्र तिवाड़ी के घर का ताला तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला।

चोरों ने खंगाला घर

मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय भवन स्वामी अपने परिवार के साथ फरीदाबाद में थे। रिटायर्ड अधिकारी रमेश चंद्र तिवाड़ी अपनी पत्नी के साथ यहां रहते हैं। उनका बेटा फरीदाबाद में कार्यरत है। हाल ही में पोती के जन्म की खुशी में शामिल होने के लिए पूरा परिवार फरीदाबाद गया हुआ था। घर में किसी के न‌ होने का फायदा उठाते हुए सोमवार रात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अलमारियों और यहां तक कि पूजा घर (मंदिर) के सामान को भी पूरी तरह उलट-पुलट कर खंगाल लिया। मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा, तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस कर रही जांच

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि भवन स्वामी को घटना की सूचना दे दी गई है और वे फरीदाबाद से अल्मोड़ा के लिए रवाना हो चुके हैं। घर से कितनी नकदी और जेवरात चोरी हुए हैं, इसका सही आकलन भवन स्वामी के पहुंचने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।