अल्मोड़ा: दीपावली पर ज़हर परोसने वालों की खैर नहीं, डीएम अंशुल सिंह ने दिए मिष्ठान दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी के आदेश, खाद्य सुरक्षा टीम और SDM चलाएंगे विशेष अभियान

​अल्मोड़ा: आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों और मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए कमर कस ली है।

चलेगा छापेमारी अभियान

जिस पर आम जनता की सेहत की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पूरे जनपद में विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही
​जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्रियों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है, जिसे रोकने के लिए जनहित में विशेष सतर्कता और कड़ाई जरूरी है। जिलाधिकारी ने अभिहित अधिकारी/खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों (SDM) को अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मिष्ठान भंडारों, खाद्य निर्माण इकाइयों और दुकानों पर औचक छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाएंगे।


​दिए यह निर्देश

​अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों के तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को भी छापेमारी की कार्रवाई में शामिल करें, ताकि हर छोटे-बड़े बाजार पर पैनी नजर रखी जा सके। डीएम अंशुल सिंह ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं एवं प्रतिष्ठान स्वामियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।