अल्मोड़ा: जनपद के ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में आज शुक्रवार को तीन दिवसीय जिला स्तरीय आजीविका सरस मेले का भव्य शुभारंभ हुआ।
किया उद्घाटन
इस मौके पर कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। जिला प्रशासन और ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा स्वायत्त सहकारिताओं के स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मंच प्रदान कर उनकी आजीविका को सशक्त बनाना है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए इस मेले में कुल 25 स्टॉल सजाए गए हैं। इनमें पहाड़ी मसाले, जैविक दालें, बेकरी व प्रसंस्कृत फल उत्पाद, पारंपरिक वस्तुएं, ऐपण कला तथा हथकरघा से तैयार सामग्री प्रदर्शित की गई है। स्थानीय कौशल से निर्मित ये उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उद्घाटन के बाद कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और महिला समूहों की आय में वृद्धि होगी।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी सहित अन्य अधिकारी व महिला समूह की सदस्य उपस्थित रहीं।