लगातार बढ़ रहे सब्जियों के दामों ने गृहणियों की चिंता बढ़ाने के साथ-साथ थाली का जायका बिगाड़ दिया है। सब्जियों दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी होने से रसोई का मासिक बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है। पहले जहां एक मध्यम वर्गीय परिवार का हर महीने करीब 1 हजार से 1500 रुपया सब्जी पर खर्च होता था, अब यह बजट बढ़कर तीन से चार हजार रुपये पहुंच गया है।
सब्जियों के दामों में 15 से 30 फीसद तक बढ़ोत्तरी हुई है
अल्मोड़ा में सभी प्रकार की सब्जियों के दामों में 15 से 30 फीसद तक बढ़ोत्तरी हुई है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए प्याज, टमाटर का उपयोग किया जाता है, लेकिन पिछले एक सप्ताह के भीतर ही टमाटर के दाम 30 रुपये से सीधे 80 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है।
हल्द्वानी मंडी से ही सब्जियों के दाम यहां बढ़कर पहुंच रहे है
लोअर मालरोड स्थित सब्जी विक्रेता ललित सिंह ने बताया कि हल्द्वानी मंडी से ही सब्जियों के दाम यहां बढ़कर पहुंच रहे है। इसके चलते बीते एक सप्ताह के भीतर टमाटर समेत अन्य सब्जियों के दामों में भारी इजाफा हुआ है। इसका असर आम जन की जेब पर पड़ रहा है।
सब्जी पहले अब
प्याज 20 25
टमाटर 40 80
मटर 50 80
बैंगन 30 40
करेला 50 40
पत्ता गोभी 30 40
बीन्स 80 60
लौकी 30 20
शिमला मिर्च 60 80