अल्मोड़ा से बेहद दुखद खबर सामने आई हैं। वरिष्ठ फुटबॉलर एवं रोडवेज कार्यालय में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत भरत लाल टम्टा के आकस्मिक निधन हो गया है।
हार्ट अटैक से निधन
जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दरअसल बीते कल बुधवार के सांय नित्य की भांति ही वह रोडवेज कार्यालय से अपने घर पहुंचने के बाद किसी कार्य के लिए बाजार को निकले थे। तभी घर से 100 मीटर की दूरी पर ही अचानक से वह बेहोश हो गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल उन्हें बेस अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें दिल का दौरा पड़ने की वजह से मृत घोषित कर दिया। पर्थिव शरीर की अंतिम यात्रा आज उनके निवास स्थान टम्टा मोहल्ला से सुबह 10 बजे निकलकर अंतिम संस्कार विश्वनाथ घाट में किया जाएगा।
अपने जमाने के दिग्गज खिलाड़ी थे भरत लाल टम्टा

अपने जमाने के दिग्गज फुटबॉलर, संतोष ट्रॉफी खेल चुके भरत लाल टम्टा अपने पीछे पत्नी व बेटे को छोड़ गए हैं। बेहद मिलनसार हंसमुख स्वभाव के भरत लाल टम्टा को अल्मोड़ा शहर के बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्गों तक हर कोई अच्छे से पहचानता था। अल्मोड़ा शहर में किसी भी खेल व उस खेल से संबंधित खिलाड़ी को बढ़ावा देने में वे सदैव तत्पर रहते थे। हर क्षेत्र के खिलाड़ी उनसे प्रभावित थे। जितना प्रेम उन्हें खेल जगत से था उतना ही प्रेम उन्हें सामाजिक कार्यों से भी था। शहर में कोई भी सामाजिक कार्य हो उसमें उनकी सहभागिता और योगदान सदैव रहता था। भरत लाल टम्टा की उम्र 59 थी। वह रोडवेज कार्यालय में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत थे। अगले वर्ष जनवरी माह के अंत में उनकी सेवा-निवृत्ति थी।
विक्टोरिया क्लब के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ फुटबॉलर स्वर्गीय भरत लाल टम्टा विक्टोरिया क्लब अल्मोड़ा के प्रमुख सदस्य भी थे। उनके आकस्मिक निधन से सम्पूर्ण विक्टोरिया क्लब परिवार में भी शोक की लहर है। सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को नमन कर शांति की प्रार्थना कर श्रद्धांजलि अर्पित की।