अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण का आयोजन
जिसमें अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद याकूब, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट नवल बिष्ट ने प्रतिभागियों को कानूनी व प्रक्रियात्मक बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस विवेचना और अभियोजन के बीच बेहतर तालमेल, साक्ष्यों के सही संकलन, प्रस्तुतीकरण और नए कानूनों के अनुपालन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
दिए जरूरी निर्देश
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि पुलिस, प्रशासन और अभियोजन विभाग के बीच मजबूत तालमेल से ही आमजन को समय पर न्याय दिलाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण में मिली जानकारियों को धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए।
वर्चुअल जुड़े
इस दौरान अभियोजन अधिकारी सुनीता भट्ट और सीमा भैंटवाल ने भी विचार रखे। बैठक में जिले के सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस जांच अधिकारी (IO) और अभियोजन टीम के सदस्य भौतिक तथा वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।