अल्मोड़ा: प्रधानों की गूंजी हुंकार: मांगों की अनदेखी पर विकास भवन का किया घेराव, अनिश्चितकालीन आंदोलन की दी चेतावनी

अल्मोड़ा: लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं का समाधान न होने से आक्रोशित जिलेभर के ग्राम प्रधानों ने मंगलवार को राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

दी चेतावनी

जिस पर अल्मोड़ा जिला मुख्यालय पहुंचे सैकड़ों ग्राम प्रधानों ने विकास भवन तिराहे से विकास भवन तक जोरदार रैली निकाली और परिसर का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी प्रधानों ने कहा कि ग्राम प्रधान पंचायती राज व्यवस्था और ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं। वे ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में 24 घंटे तत्पर रहते हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन लगातार उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रहा है। प्रधान संगठन के प्रतिनिधियों ने याद दिलाया कि अगस्त माह में स्वयं मुख्यमंत्री ने अगस्त अंत तक अधिकांश मांगों के निस्तारण का आश्वासन दिया था। हालांकि, समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे विवश होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा। साथ ही प्रधानों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो वे पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। प्रदर्शन के अंत में मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।

​रखी यह मांग

• ​मानदेय व भत्ता: ग्राम प्रधानों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, पृथक फंड की व्यवस्था और वार्ड सदस्यों को बैठक भत्ता मिले।
• ​अधिकार व निधि: 73वें संविधान संशोधन के तहत ग्राम पंचायतों को सभी 29 विभागों का हस्तांतरण हो तथा सांसद-विधायक निधि की तर्ज पर ‘पंचायत निधि’ का गठन किया जाए।
• ​वित्त व निर्माण कार्य: राज्य व केंद्रीय वित्त आयोग के अनुदान में बढ़ोतरी हो और 10 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों के लिए ग्राम पंचायत को ही कार्यदायी संस्था बनाया जाए।
• ​सुरक्षा व आवास योजना: सभी ग्राम प्रधानों का स्वास्थ्य बीमा हो और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के सर्वेक्षण में छूटे पात्र परिवारों के नाम जोड़ने का अधिकार ग्राम सभा की आम बैठक को मिले।

रहें मौजूद

प्रदर्शन में सुनील जोशी, देवेंद्र सिंह नयाल, सुनील बाराकोटी, उमेश मेहरा, दीपक सिंह, प्रीति पंत, सुरेश भट्ट, भूपाल बोरा, इन्दर सिंह मनराल, विनोद जोशी, देवेन्द्र मेहरा, चंद्रिका तिवारी, नंदन सिंह फर्त्याल, नवीन भट्ट, बची बोरा, टीका सिंह, मदन सिंह बिष्ट, प्रिया भोज और पंकज रौतेला सहित विभिन्न विकासखंडों से आए बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।