अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के विकासखंड के ज्योली गांव में मौसम में बदलाव के साथ ही संक्रामक बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। यहां बीते करीब एक सप्ताह से गांव में वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम के मामले सामने आए हैं।
वायरल बुखार का प्रकोप
मिली जानकारी के अनुसार यहां अब तक गांव के 20 से अधिक लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं, जिनमें बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। ग्रामीणों के अनुसार, मौसम में आए बदलाव के कारण गांव में बीमारी तेजी से फैली है। एक सप्ताह पहले शुरू हुआ यह सिलसिला अब धीरे-धीरे लगभग पूरे गांव में फैल गया है। जिस पर आशंका जताई जा रही है कि यदि समय पर रोकथाम नहीं की गई, तो और भी लोग इसकी चपेट में आ सकते हैं
स्वास्थ्य शिविर की मांग
जिस पर क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद सिंह सलाल, किशन सिंह सलाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि ज्योली गांव में जल्द से जल्द एक मेडिकल टीम भेजकर स्वास्थ्य शिविर (कैंप) आयोजित किया जाए और मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं।