अल्मोड़ा: वर्षों पुराना इंतजार हुआ खत्म, क्वारब-कोसी बाईपास मोटरमार्ग के लिए वन भूमि को मिली केंद्रीय स्वीकृति

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा और हवालबाग क्षेत्र के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने क्वारब से कोसी नदी के किनारे प्रस्तावित बाईपास मोटरमार्ग के निर्माण के लिए 10.1763 हेक्टेयर वन भूमि को लोक निर्माण विभाग (PWD) को हस्तांतरित करने की विधिवत स्वीकृति प्रदान कर दी है।

दी स्वीकृति

वर्ष 2008-09 से लंबित इस मांग का ऑनलाइन प्रस्ताव (FP/UK/ROAD/172044/2010) वर्ष 2015 में सैद्धांतिक रूप से मंजूर हुआ था, जिसे अब सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अंतिम मंजूरी मिली है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए मंत्रालय ने 20.7134 हेक्टेयर भूमि पर पौधे लगाने का प्रावधान रखा है। परियोजना के तहत पेड़ों का कटान कम से कम रखा जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 696 पेड़ तय की गई है।

क्षेत्रवासियों को मिलेंगे यह लाभ


• ​सुगम आवागमन: बाईपास बनने से मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव घटेगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
• ​समय व ईंधन की बचत: सीधी कनेक्टिविटी मिलने से यात्रा का समय कम होगा और वाहन ईंधन की बचत होगी।
• ​आर्थिक व पर्यटन विकास: बेहतर सड़क मार्ग से स्थानीय व्यापार, पर्यटन गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

जताया आभार

​स्वीकृति की सूचना मिलते ही हवालबाग क्षेत्र और आसपास के गांवों में हर्ष का माहौल है। जिला अध्यक्ष महेश नयाल, भाजपा हवालबाग मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा और पूर्व विधायक कैलाश शर्मा का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने इसे केवल सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं, बल्कि दशकों पुराने जन-संघर्ष की जीत बताया है।