*9 साल के रियांश बने उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के पर्वतारोही*
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के दो नन्हे जांबाजों ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराया है और पूरे प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।
किलिमंजारो की चोटी पर फहराया भारत का राष्ट्रध्वज तिरंगा
अल्मोड़ा के रियांश पंत और नैनीताल की प्रिशा रावत ने कमाल किया है। उन्होंने 22 अगस्त को अफ्रीका की 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी पर सफल चढ़ाई कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही दोनों उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के किलिमंजारो फतह करने वाले पर्वतारोही बन गए हैं।
9 साल की उम्र में हासिल की यह उपलब्धि
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी रियांश पंत ने मात्र नौ वर्ष की उम्र में यह ऐतिहासिक सफलता पाई है। वह किलिमंजारो फतह करने वाले उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के पर्वतारोही बने हैं।
दोनों बच्चों के पिता स्वयं पर्वतारोही हैं और पूर्व में कई चोटियां फतह कर चुके हैं। माउंट किलिमंजारो दुनिया की ‘सेवन समिट्स’ (सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियां) में शामिल है। रियांश इससे पहले भी उत्तराखंड के कई कठिन हिमालयी ट्रेक सफलतापूर्वक पूरे कर चुके हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है।