बागेश्वर: केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद के गरुड़ एवं बागेश्वर विकासखंड में जनकल्याणकारी शिविरों एवं विकास योजनाओं की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर का आयोजन
नगर पंचायत गरुड़ द्वारा रामलीला मैदान, गरुड़ में आयोजित शिविर में दर्जा प्राप्त मंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक बागेश्वर पार्वती दास, नगर पंचायत अध्यक्ष गरुड़ भावना वर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में पशुपालन, बाल विकास, वन, पंचायती राज, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, सहकारिता, आयुष, समाज कल्याण, शिक्षा, उद्यान, जल संस्थान, डेयरी विकास, उद्योग, सेवायोजन, जिला पूर्ति, पेयजल निगम तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने उपस्थित 212 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया।
किया प्रतिभाग
विकासखंड बागेश्वर सभागार में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन क्षेत्र पंचायत प्रमुख बागेश्वर की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में क्षेत्र पंचायत के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया। शिविर में आजीविका मिशन, पशुपालन विभाग, बाल विकास विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अचार, जूस, दालें, जड़ी-बूटियों तथा दन-कलोनी सहित स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर अपनी आजीविका गतिविधियों का प्रदर्शन किया। जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रतिभागियों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं शिकायतों का संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा शिविर स्थल पर ही त्वरित समाधान एवं निस्तारण किया गया।
समस्याओं का समाधान
इन शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई।