लोहाघाट में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरते ही कार बनी आग का गोला, दो की मौत, मां सहित दो बच्चे घायल


लोहाघाट (चम्पावत): लोहाघाट-चौरसानी मोटर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो लोगों की गई हो गई। वहीं एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

खाई में गिरी कार

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा तब हुआ जब कार पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के वक्त वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। खाई में गिरते ही कार ने आग पकड़ ली, जिसके कारण वाहन स्वामी बलदेव कुमार को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, वाहन चला रहे राजेंद्र कुमार ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे के दौरान बलदेव कुमार के दोनों बच्चे कार से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, बलदेव की पत्नी और दोनों बच्चे इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

​मृतकों और घायलों का विवरण

​पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों और घायलों की शिनाख्त कर ली गई है। ​मृतकों में राजेंद्र कुमार (48 वर्ष), पुत्र लक्ष्मीराम, निवासी- अतेड़ा चर्मी, थाना डीडीहाट (चालक), बलदेव कुमार (36 वर्ष), पुत्र भीमराम, निवासी- ननकोड़, कनालीछीना (वाहन स्वामी) है। वहीं घायलों में नीतू देवी (35 वर्ष), पत्नी बलदेव कुमार, अद्विता (8 वर्ष), पुत्री बलदेव कुमार, आरव (5 वर्ष), पुत्र बलदेव कुमार है।


घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

​दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।