बागेश्वर: बागेश्वरनगर क्षेत्र में गोमती और सरयू नदी पर बने पुराने व संकरे पुलों का जल्द कायाकल्प होगा। इन पुलों के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण की दिशा में विभागीय प्रक्रिया तेज हो गई है।
जुटाएं आंकड़े
मिली जानकारी के अनुसार इसी क्रम में शनिवार को अर्बन बिल्ड की एक तकनीकी टीम ने बागेश्वर पहुंचकर दोनों पुलों का विस्तृत सर्वे और निरीक्षण किया। जिसमें टीम लीडर नवीन सिंह मेहरा के नेतृत्व में पहुंचे तकनीकी विशेषज्ञों ने पुलों की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान टीम ने पुलों की संरचना और वर्तमान चौड़ाई को नापा। दोनों पुलों पर रोजाना रहने वाले यातायात भार का आकलन किया। भविष्य की जरूरतों और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए जरूरी तकनीकी आंकड़े जुटाए।
सिंगल लेन से ‘डेढ़ लेन’ करने की है योजना
इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रकाश आर्या ने बताया कि सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों पुलों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इस डीपीआर के आधार पर नया डिजाइन बनाकर अंतिम स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा जाएगा। यहां बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इन्हें डेढ़ लेन के रूप में विकसित करने की योजना है।