भवाली। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपाखी पुल के पास हुए बस हादसे में पुलिस में तहरीर दी गई है।
पुलिस में तहरीर दी
दिल्ली निवासी एक पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली भवाली में बस चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी खुशबू द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार बताया गया कि यह हादसा 22 अप्रैल को हुआ था। अल्मोड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद 28 रिश्तेदार बस से हल्द्वानी लौट रहे थे। आरोप है कि चालक शुरुआत से ही बस को काफी तेज और लापरवाही से चला रहा था। खैरना के पास पहुँचने पर चालक ने कहा कि वह अपना मोबाइल पीछे ही भूल गया है। मोबाइल वापस लेने के चक्कर में जैसे ही उसने बस को मोड़ना चाहा, शाम करीब 4:30 बजे वाहन अनियंत्रित होकर दोपाखी पुल के पैराफिट से जा टकराया। जिसमें बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में स्नेहलता नामक महिला की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
मुकदमा दर्ज
पीड़िता ने बताया कि परिजनों के उपचार और अस्पताल की भागदौड़ में व्यस्त होने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
भवाली बस हादसा: चालक के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा, पैराफिट से टकराई थी बारातियों से भरी बस