चमोली (देवाल): चमोली जिले के देवाल ब्लॉक के वाण गांव स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए हैं।
कपाट हुए बंद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शीतकाल के लिए हुई इस कपाटबंदी के बाद अब मंदिर के द्वार छह माह पश्चात बैसाख की पूर्णिमा को पुनः खोले जाएंगे। इस मौके पर बीते कल मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने परंपरा के अनुसार अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर गर्भगृह में प्रवेश किया और अखंड दीप प्रज्वलित किया। इसके पश्चात मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए गए। कपाट बंद होते ही समूचा वाण क्षेत्र लाटू देवता के जयकारों से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और हवन अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। राजजात समिति वाण के अध्यक्ष हीरा गढ़वाली ने जानकारी दी कि अब मंदिर के कपाट छह माह बाद बैसाख पूर्णिमा के शुभ अवसर पर खुलेंगे।
रहस्य और आस्था का केंद्र है यह मंदिर
लाटू देवता का यह मंदिर अपनी अनूठी परंपराओं और रहस्यों के कारण श्रद्धालुओं के बीच विशेष स्थान रखता है। पुजारी खीम सिंह ने बताया कि मंदिर के गर्भगृह में पुजारी के अतिरिक्त किसी अन्य को प्रवेश की अनुमति नहीं है। लोक मान्यता है कि मंदिर के भीतर साक्षात नागमणि विराजमान है, जिसकी तेज रोशनी से आम व्यक्ति की आंखों की ज्योति जा सकती है। यही कारण है कि मुख्य पुजारी भी आंखों पर पट्टी बांधकर ही पूजा करते हैं और श्रद्धालु मंदिर से लगभग 12 मीटर की दूरी पर बाहर से ही दर्शन व पूजा-अर्चना करते हैं।