March 28, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

दिल्ली: 470 किलोग्राम से ज्यादा अवैध पटाखों के साथ गोदाम मालिक गिरफ्तार

दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक गोदाम से 470 किलोग्राम से ज्यादा अवैध पटाखे बरामद किये गए। पुलिस ने गोदाम के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध पटाखे मेरठ से खरीदे

पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद रिहान (21) उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वह त्यौहार के दौरान चीजें बेचने का काम करता है। यहां गोदाम से कुल 472.4 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किये गए और गोदाम 12 हजार रुपये किराये पर लिया गया था। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने अवैध पटाखे उत्तर प्रदेश के मेरठ से खरीदे थे और दिवाली पर ऊंचे दाम पर बेचने का उसका इरादा था। आपको बता दें, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने राष्ट्रीय राजधानी में एक जनवरी 2022 तक पटाखों की बिक्री और फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का मंगलवार को आदेश दिया। आदेश के मुताबिक, कई विशेषज्ञों ने संकेत दिया है कि कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी का अंदेशा है और पटाखों को फोड़कर बड़े पैमाने पर जश्न मनाने लिए बड़ी संख्या में लोग जमा होंगे, जिससे न सिर्फ सामाजिक दूरी के नियम का उल्लंघन होगा, बल्कि वायु प्रदूषण का उच्च स्तर दिल्ली में गंभीर स्वास्थ्य मसलों का कारण बनेगा।