अल्मोड़ा में जनगणना-2027 की डिजिटल स्वगणना शुरू, पहले ही दिन मंत्री रेखा आर्य समेत कई जनप्रतिनिधियों ने की प्रविष्टि, अब घर-घर पहुंचेगी टीम

​अल्मोड़ा: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में आज सोमवार से डिजिटल स्वगणना की शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य सहित कई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर इस अभियान में भागीदारी की।
​
स्वगणना पोर्टल

प्रशासन के अनुसार, जिले के नागरिक आगामी 30 नवंबर तक आधिकारिक स्वगणना पोर्टल (https://se.census.gov.in) के माध्यम से घर बैठे अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। हालांकि, स्वगणना पूरी तरह वैकल्पिक है। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इसके उपरांत 5 से 9 जनवरी 2027 तक संशोधन चरण संचालित किया जाएगा।

​ऐसे करें ऑनलाइन स्वगणना

• ​पोर्टल पर जाकर राज्य (उत्तराखंड) और अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें।
• ​मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए लॉगिन करने के बाद मानचित्र (मैप) पर अपने घर की लोकेशन चिह्नित करें।
• ​परिवार के सभी सदस्यों का नाम, जन्मतिथि या आयु, शिक्षा, मातृभाषा और कामकाज से जुड़ा विवरण भरें।
• ​जानकारी सबमिट करने से पहले भली-भांति जांच लें।

​स्वगणना आईडी सुरक्षित रखना जरूरी

विवरण सफलतापूर्वक सबमिट होने के बाद एक ‘स्वगणना आईडी’ (SE ID) जनरेट होगी। नागरिकों को इसे लिखकर या इसका स्क्रीनशॉट लेकर सुरक्षित रखना होगा। जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी, जिससे वे पोर्टल पर दर्ज डेटा का मिलान कर सकें। साथ ही प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक स्वगणना का लाभ उठाएं और सही व पूरी जानकारी दर्ज करें, ताकि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के बेहतर नियोजन के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।