अल्मोड़ा: नगर निगम के वार्ड संख्या 37 (रैलापाली) में पिछले 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। जल संकट के कारण स्थानीय निवासियों को पीने के पानी से लेकर दैनिक दिनचर्या के कामों के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
पानी को तरसे
वहीं लगातार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समाधान न होने से आक्रोशित वार्डवासियों ने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जिस पर स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जल विभाग की सुस्त कार्यशैली और लापरवाही का खामियाजा पूरे वार्ड को भुगतना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पार्षद की चेतावनी
वार्ड पार्षद प्रदीप चंद्र आर्य ने विभागीय उदासीनता पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि यदि जल संस्थान ने जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की, तो वार्डवासी अधिकारियों के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। साथ ही मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की जाएगी। कहा कि जिम्मेदार अधिकारी तुरंत धरातल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्र में अविलंब जल आपूर्ति सुचारु की जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।