हल्द्वानी: एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने निर्दोष पुरुषों को सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग को लेकर अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा है। संस्था के पदाधिकारियों ने हल्द्वानी एसडीएम के माध्यम से यह ज्ञापन प्रेषित करते हुए केंद्र सरकार से यथाशीघ्र पुरुष आयोग और पुरुष कल्याण मंत्रालय का गठन करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहीं यह बात
ज्ञापन सौंपने के दौरान संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और मार्गदर्शिका सुनीता तिवारी ने संयुक्त रूप से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने विशेष अधिकारों के कानूनों की आड़ में कुछ लोग निर्दोष पुरुषों को छेड़छाड़, मारपीट, यौन शोषण, दहेज प्रथा और बलात्कार जैसे झूठे मामलों में फंसा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार पुरुषों के पास निर्दोष होने के साक्ष्य होने के बावजूद उन्हें नहीं माना जाता और केवल आरोप के आधार पर उन्हें दोषी मान लिया जाता है। संस्था पदाधिकारियों के अनुसार, समझौते के नाम पर झूठे मामलों में फंसाए गए पुरुषों से लाखों-करोड़ों रुपये की मांग की जाती है। सम्मान बचाने के लिए कई पुरुष कर्ज लेकर यह रकम चुकाते हैं, जबकि असमर्थ होने पर उन्हें जेल जाना पड़ता है। इससे पुरुषों का भविष्य, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जिम्मेदारियां प्रभावित होती हैं तथा आर्थिक तंगी व मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
रखीं यह प्रमुख मांगें
संस्था ने ज्ञापन के माध्यम से भारत सरकार के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखी हैं। जिसमें निर्दोष पुरुषों के संरक्षण के लिए तुरंत पुरुष आयोग और पुरुष कल्याण मंत्रालय का गठन किया जाए। झूठे मामलों में फंसाए गए निर्दोष पुरुषों को हुए नुकसान की पूर्ण क्षतिपूर्ति की जाए। निर्दोष पुरुषों के कल्याण के लिए अलग से बजट का प्रावधान कर सरकारी योजनाएं चलाई जाएं। विशेष कानूनों का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए कड़े कानून बनाए जाएं।
रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, सुनीता तिवारी, रेनू कांडपाल, अलका टंडन, सौरभ कुमार, महेश साहू, हैप्पी महेश्वरी, यश गुप्ता, रोहित साहू, सुशील साहू, प्रशांत गुप्ता, विनीत टंडन, संदीप यादव, सूरज मिस्त्री, रोहतास प्रजापति, जानकी कश्यप, अमित कुमार, सुशील राय, रवि गुप्ता, दीपक कुमार, सूरज कुम्हार और मुकेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।