हल्द्वानी: हल्द्वानी डकैती कांड का बड़ा खुलासा: SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में हथियारों के बल पर 8 लाख की लूट का पर्दाफाश, 02 नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी: जनपद नैनीताल के गोरापड़ाव में हुई बहुचर्चित लाखों रुपये की डकैती का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर बड़ा खुलासा कर दिया है। जिस पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए नैनीताल पुलिस की विशेष टीम ने दो शातिर नकाबपोश अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध असलहे, जिंदा कारतूस और लूटी गई नकदी बरामद की गई है।

जानें क्या है मामला

बीती 19 अगस्त 2026 की शाम तीनपानी अंबा बिहार निवासी नारायण दास ने पुलिस में तहरीर दी कि गोरापड़ाव स्थित उनके ऑफिस/गैराज में 10 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। नकाबपोश लुटेरों ने हथियारों के बल पर लगभग ₹8 लाख की नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की चैन व अंगूठियां लूट लीं और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई। इस मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल की अगुवाई में SOG, साइबर और क्राइम स्पेशलिस्ट सहित 50 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की। घटनास्थल का बारीक मुआयना, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

अभियुक्तों का विवरण

• ​वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (उम्र 25 वर्ष), निवासी सितारगंज, उधम सिंह नगर — बरामदगी: ₹31,000 नकदी और 4 जिंदा कारतूस।
• ​रखवीर सिंह (उम्र 28 वर्ष), निवासी शीशगढ़, बरेली (उ.प्र.) — बरामदगी: ₹35,000 नकदी, एक 315 बोर का तमंचा और 4 जिंदा कारतूस।

जुआ हारने पर रची गई थी साजिश

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि किच्छा निवासी यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हारकर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। यश ने ही गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की बात बताकर डकैती की योजना बनाई थी। योजना के तहत हारी रकम की भरपाई और आपस में हिस्सा बांटने की बात तय हुई थी। आरोपियों ने डिजिटल फुटप्रिंट मिटाने के लिए लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए थे।

पुलिस टीम को इनाम

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 61(2) और 317(3) की बढ़ोतरी की है। संगठित अपराध के तहत अभियुक्तों के खिलाफ नए कठोर प्रावधानों में कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्त रखवीर सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पहले से कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सफलतापूर्वक घटना का अनावरण करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी नैनीताल ने टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।