हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने रात के अंधेरे में एक घर की दीवार फांदकर महिला के कपड़े चोरी किए थे।
जानें क्या है मामला
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। यह मामला हल्द्वानी के महेश नगर, नवाबी रोड का है। 23 जून 2026 को एक महिला ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जून की रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की दीवार फांदी और परिसर में सूख रहे कपड़े चोरी कर लिए। महिला की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस की तत्परता और गिरफ्तारी
कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ धारा 305(ए)/331(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बीते कल 24 जून 2026 को अभियुक्त को टैगोर पब्लिक स्कूल के पास क्रिकेट मैदान से पकड़ा। जिसकी पहचान निकेत सिंह बिष्ट (34 वर्ष), निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी कपड़े बरामद कर लिए हैं।
टीम में शामिल
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी हीरा नगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी की अहम भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।