हेप्पी बर्थडे बिग बी: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का आज जन्मदिन, उत्तराखंड से ‌है खास लगाव, नैनीताल के इस स्कूल से की है पढ़ाई

आज 11 अक्टूबर 2025 है। आज सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का जन्मदिन है। आज वह अपना 83वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्हें दर्शकों का स्क्रीन पर मनोरंजन करते हुए 5 दशक से ज्यादा का समय बीत चुका है।

अमिताभ बच्चन का आज 83वां जन्मदिन

बिग बी न सिर्फ महज अपने बेहतरीन अभिनय बल्कि अपनी बेहतरीन पर्सनैलिटी के लिए भी जाने जाते हैं। आज‌ अमिताभ बच्चन 83 साल के हो जाएंगे। इस उम्र में भी अमिताभ फिट और तंदुरुस्त हैं और आज भी फिल्मों में एक्टिव हैं। अपने पांच दशक के करियर में अमिताभ बच्चन ने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में भारतीय सिनेमा को दी है। 1969 में फिल्म ‘सात हिन्दुस्तानी’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अमिताभ बच्चन अपनी जड़ों से मजबूती से जुड़े हुए हैं। बिग बी 11 अक्टूबर 1942 को यूपी के इलाहाबाद में जन्मे थे। उनके पिता हरिवंशराय बच्चन जहां एक बहुत ही बड़े कवि थें, तो वहीं उनकी मां तेजी बच्चन इंडियन सोशल एक्टिविस्ट थीं। 

उत्तराखंड से जुड़ी खट्टी मीठी यादें

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का उत्‍तराखंड से खास नाता रहा है। ऐसा इसलिए कि उनके बचपन के कई साल नैनीताल में बीते हैं। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का लक्ष्मण झूला ऋषिकेश से पुराना लगाव रहा है। वहीं बिग बी के जीवन की कुछ खट्टी मीठी यादें भी उत्‍तराखंड से जुड़ी हुई हैं। कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर भी वह आए दिन नैनीताल का जिक्र करते हैं। आज भी उन्हें शेरवुड कॉलेज के पास मिलने वाले आलू के गुटकों का स्वाद बखूबी याद है। शेरवुड कॉलेज के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू के मुताबिक वर्ष 1957 में जब बच्चन यहां पढ़ते थे तब उन्होंने पहली बार इसी स्कूल में विशप कैंडल व द गवर्मेंट इंस्पेक्टर नामक नाटकों में अभिनय किया था। उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार कैंडल कप (बेस्ट एक्टर अवार्ड) से नवाजा गया। 2008 में अमिताभ बच्चन शेरवुड कॉलेज के वार्षिकोत्सव में हिस्सा लेने पहुंचे थे तब उन्होंने सबसे पहले केनिंग रूम के बारे में पूछा था। उनके जन्मदिन पर शेरवुड कॉलेज में कई कार्यक्रम आयोजित होते हैं।