भारी बारिश का अलर्ट: सुरक्षा के दृष्टिगत आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा पर रोक, इनर लाइन परमिट भी रोके

पिथौरागढ़: हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय मानसून और लगातार हो रही भारी बारिश के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिस पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट (ILP) जारी करने की प्रक्रिया को अगले आदेश तक के लिए तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।

​यात्रा मार्गों पर बना रहता है खतरा


​मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में हो रही निरंतर वर्षा के कारण भूस्खलन की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है और कई स्थानों पर सड़कें बाधित हैं। जिस पर स्थिति सामान्य होने तक नए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए बताया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। बताया कि फिलहाल किसी भी नए यात्री को इनर लाइन परमिट नहीं दिया जाएगा। मौसम के मिजाज और मार्गों की स्थिति में सुधार होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू करने पर विचार किया जाएगा।