उत्तराखंड: उत्तराखंड राज्य में मौसम में बदलाव जारी है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश का दौर जारी है। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है।
भारी बारिश का दौर
जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव आनन्द बर्धन और सचिव (आपदा प्रबंधन) विनोद कुमार सुमन को प्रदेश की स्थिति पर 24 घंटे पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़कें बंद होने जैसी स्थिति बने, वहां स्थानीय प्रशासन बिना किसी देरी के तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करे। साथ ही राज्य में बिगड़े मौसम के बीच मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और देश-विदेश से उत्तराखंड आ रहे तीर्थयात्रियों व पर्यटकों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।