इस देश में ऐतिहासिक फैसला: ‘धूम्रपान मुक्त पीढ़ी’ की तैयारी, 2009 के बाद जन्मे लोग जीवनभर नहीं खरीद सकेंगे तंबाकू

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं।‌ कुछ दिनों पहले ब्रिटेन की संसद ने सार्वजनिक स्वास्थ्य की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा कदम उठाया है।

यह ऐतिहासिक निर्णय

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रिटेन ने एक ऐसे ऐतिहासिक कानून को मंजूरी दे दी है, जिससे आने वाली पीढ़ी के लिए सिगरेट खरीदना नामुमकिन हो जाएगा। जिसमें ‘टोबैको एंड वेप्स बिल’ के पारित होने के साथ ही ब्रिटेन दुनिया के सबसे सख्त एंटी-स्मोकिंग कानून वाले देशों की सूची में शामिल होने जा रहा है। सिर्फ सिगरेट ही नहीं, बल्कि युवाओं में बढ़ती वेपिंग (ई-सिगरेट) की लत को रोकने के लिए भी सरकार ने कड़े प्रावधान किए हैं। नए कानून के तहत वेप के फ्लेवर, आकर्षक पैकेजिंग और विज्ञापनों पर नियंत्रण रखा जाएगा। साथ ही, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास ‘नो स्मोकिंग ज़ोन’ का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। यह बिल ब्रिटेन के दोनों सदनों से बहुमत के साथ पारित हो चुका है। अब इसे केवल ‘शाही मंजूरी’ (रॉयल असेंट) मिलना बाकी है, जिसके बाद यह पूर्ण रूप से कानून बन जाएगा।

​जानें क्या है नया कानून

​इस कानून का मुख्य उद्देश्य एक ‘स्मोक-फ्री जनरेशन’ तैयार करना है। नए नियमों के मुताबिक 1 जनवरी 2009 या उसके बाद पैदा हुआ कोई भी व्यक्ति अपने पूरे जीवनकाल में कभी भी कानूनी रूप से तंबाकू उत्पाद नहीं खरीद सकेगा।‌ इसका मतलब है कि जो बच्चे आज 17 वर्ष या उससे कम उम्र के हैं, वे वयस्क होने के बाद भी सिगरेट खरीदने के पात्र नहीं होंगे। हर साल धूम्रपान की कानूनी उम्र सीमा एक साल बढ़ा दी जाएगी, जिससे तंबाकू उत्पादों की बिक्री धीरे-धीरे पूरी तरह समाप्त हो जाए।