उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी 30 जुलाई से शुरू होने जा रही पावन श्रावण कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने कमर कस ली है।
दिए जरूरी निर्देश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग से लेकर प्रमुख स्नान घाटों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों तक सुरक्षा का ऐसा अभेद्य खाका तैयार किया है, जिससे परिंदा भी पर न मार सके। वहीं एटीएस (ATS), बम निरोधक दस्ता (BDS), एसटीएफ (STF), एसडीआरएफ (SDRF) और साइबर कमांडो दिन-रात अलर्ट मोड पर रहेंगे। आसमान से हाई-रेजोल्यूशन ड्रोन और जमीन पर सीसीटीवी कैमरे हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। पूरे मेला क्षेत्र और रेलवे परिसरों को सुपर जोन, जोन और सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों को रोकने के लिए हरिद्वार में विशेष साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर तत्काल और कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। गंगा के प्रमुख स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और कुशल गोताखोरों की टीमें हर समय लाइफ-जैकेट्स और बोट्स के साथ तैनात रहेंगी।